चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने दिया यातायात नियमों के पाल : विशेष खबर
Barkat Qureshi / Tue, Jan 20, 2026 / Post views : 340
चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने दिया यातायात नियमों के पालन का संदेश
खंडवा। पुलिस अधीक्षक खंडवा मनोज कुमार राय के निर्देशन में यातायात पुलिस खंडवा द्वारा सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में संचालित यातायात जागरूकता अभियान के अंतर्गत थाना यातायात परिसर में सुरक्षित यातायात विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

यह आयोजन उप पुलिस अधीक्षक यातायात अनिल कुमार राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक देवेंद्र सिंह परिहार द्वारा कराया गया। प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर, मोतीलाल नेहरू सूरजकुंड, सेंट जोसेफ एवं एम.एल.बी. स्कूल के सीनियर एवं जूनियर वर्ग के कुल 50 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों के माध्यम से सुरक्षित यातायात को लेकर प्रभावी संदेश प्रस्तुत किए गए। चित्रों में यातायात नियमों के पालन, शराब सेवन कर वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग जैसे संदेश उभरकर सामने आए। चयन समिति द्वारा चित्रों के मूल्यांकन उपरांत प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
इसी क्रम में यातायात पुलिस टीम द्वारा इंदिरा चौक बस स्टैंड क्षेत्र में वाहनों में रेडियम पट्टी लगवाई गई तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन की समझाइश दी गई।

जागरूकता अभियान के साथ-साथ थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक देवेंद्र सिंह परिहार, सूबेदार धर्मेंद्र गौर, सहायक उप निरीक्षक विश्वास वानखेड़े, सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर कंसाना, सहायक उप निरीक्षक गजेंद्र सिंह पवार एवं यातायात टीम द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले 55 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग सहित विभिन्न धाराओं में कुल 35,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन हेतु समझाइश दी गई।
इस प्रकार अभियान के माध्यम से सख्त कार्रवाई के साथ-साथ आमजन में सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा का संदेश दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन