: जहाँ सेवा है... वहाँ पानी नहीं!" लोक सेवा केंद्र मूंदी में पेयजल संकट, नगर उपाध्यक्ष ने उठाई जनहित की आवाज
Barkat Qureshi / Tue, Jul 22, 2025 / Post views : 360
जहाँ सेवा है... वहाँ पानी नहीं!"
लोक सेवा केंद्र मूंदी में पेयजल संकट, नगर उपाध्यक्ष ने उठाई जनहित की आवाज
संवाददाता – इस्हाक़ गौरी, मूंदी
एक ओर नागरिकों को सुविधा देने के लिए शासन-प्रशासन लोक सेवा केंद्र चला रहा है, वहीं दूसरी ओर मूंदी के वार्ड क्रमांक 15 स्थित लोक सेवा केंद्र में आने वाले नागरिक प्यास से परेशान हैं। यहाँ प्रतिदिन सैकड़ों लोग आधार पंजीयन, शासकीय योजनाओं के आवेदन और प्रमाणपत्र कार्यों हेतु पहुँचते हैं, लेकिन केंद्र पर पेयजल की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। इस गंभीर स्थिति को लेकर नगर परिषद मूंदी के उपाध्यक्ष राजनारायण मण्डलोई ने नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को पत्र लिखकर तुरंत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।
-उपाध्यक्ष मण्डलोई ने बताया कि पिछले पंद्रह दिनों में करीब 1200 फॉर्म जमा हुए हैं। प्रत्येक हितग्राही के साथ उनके परिजन एवं छोटे बच्चे भी साथ आते हैं। अनुमानित तौर पर 2400 से ज्यादा लोग इस अवधि में लोक सेवा केंद्र पर पहुंचे, लेकिन वहां सिर्फ एक पानी की केन रखी गई है, जो इतने लोगों के लिए नाकाफी है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि कई बार छोटे बच्चे रोड क्रॉस कर विधायक निवास के पंप से पानी पीने व बॉटल भरने जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
कल को किसी मासूम के साथ हादसा हो गया तो जिम्मेदार कौन होगा? सिर्फ इसलिए कि वहां पानी नहीं था?
नगर उपाध्यक्ष मण्डलोई का यह पत्र दर्शाता है कि वह जनता की समस्याओं के प्रति कितने गंभीर हैं।
पहले भी वे व्यवस्था, स्वच्छता, और सामाजिक कल्याण के मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।
इस बार उनकी पहल "पानी" जैसे बुनियादी हक़ के लिए है — और यह हर नागरिक के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
अब सवाल प्रशासन से —क्या सेवा केंद्र को 'प्यासा' ही रहने देंगे? पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित ये लोक सेवा केंद्र कब तक यूँ ही चलता रहेगा?
जहाँ जनता हो... वहाँ सम्मान और सुविधा हो — यही लो कतंत्र की असली पहचान है।"
विज्ञापन
विज्ञापन
