: मूंदी में रक्षाबंधन पर गूंजी सद्भाव की स्वर-लहरियां — ब्रह्माकुमारी बहनों का आत्मिक सुरक्षा संदेश
Barkat Qureshi / Sat, Aug 9, 2025 / Post views : 367
मूंदी में रक्षाबंधन पर गूंजी सद्भाव की स्वर-लहरियां — ब्रह्माकुमारी बहनों का आत्मिक सुरक्षा संदेश
संवाददाता : ईस्हाक गौरी, मूंदी
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रेम, सद्गुण और सद्भाव का अद्भुत संगम शुक्रवार को मूंदी नगर में देखने को मिला। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, मूंदी ओंकारेश्वर सेंटर के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य एवं भावनापूर्ण कार्यक्रम में आध्यात्मिकता और मानवीय मूल्यों की महक हर ओर बिखरी रही। संस्था की मुख्य संचालिका बीके श्यामा दीदी, बीके ज्योति दीदी और अन्य बहनों ने नगर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शासकीय अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और पत्रकार साथियों को तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और रक्षासूत्र बांधकर प्रेम, विश्वास और आत्मिक भाईचारे का संदेश दिया। अपने प्रेरक संबोधन में बीके श्यामा दीदी ने कहा — “हम आत्मा हैं, केवल शरीर नहीं। परमात्मा शिव हमारे सच्चे पिता हैं और रक्षाबंधन आत्मा की सुरक्षा का प्रतीक है। सच्चा रक्षा सूत्र वही है, जो आत्मा को सशक्त बनाकर बुराइयों से बचाए तथा जीवन में सद्गुणों का संचार करे।" उन्होंने यह भी बताया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन तक सीमित पर्व नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज में प्रेम, स्नेह और सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने का अद्वितीय अवसर है।
इस मौके पर नगर परिषद मूंदी के उपाध्यक्ष राजनारायण मंडलोई ने कहा, “ब्रह्माकुमारी बहनें समाज को सकारात्मक दिशा में अग्रसर कर रही हैं, उनका योगदान समाज कल्याण के लिए अनुकरणीय है।”
समाजसेवी लोकेश राठौर ने कहा, “रक्षासूत्र तभी सार्थक है, जब यह हमें नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखकर जीवन में सकारात्मकता का संचार करे।”
कार्यक्रम में लायन्स कॉलेज मूंदी के प्राचार्य जी. एस. डोडे, समाजसेवी लोकेश राठौर, थाना मूंदी के पुलिसकर्मी, संत बुखारदास बाबा के महंत गुड्डू भैया सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा और बढ़ा दी।
कार्यक्रम के अंत में संस्था से जुड़े लोकेश राठौर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पर्व हमें मानवीय मूल्यों के संरक्षण, तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता के प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा देता है।विज्ञापन
विज्ञापन
