: वार्ड क्रमांक 2 एवं 4 के मध्य मार्ग और नालियों की दुर्दशा पर नगर परिषद उपाध्यक्ष ने लिया त्वरित संज्ञान
Barkat Qureshi / Sun, Jul 13, 2025 / Post views : 396
वार्ड क्रमांक 2 एवं 4 के मध्य मार्ग और नालियों की दुर्दशा पर नगर परिषद उपाध्यक्ष ने लिया त्वरित संज्ञान
राजनारायण मण्डलोई ने मौके पर पहुँचकर स्वयं कराया सफाई कार्य, माता चौक की अवरुद्ध नालियों पर जताई गंभीर चिंता
मूंदी | संवाददाता – ईस्हाक गौरी
नगर परिषद मूंदी के वार्ड क्रमांक 2 एवं 4 के मध्य स्थित प्रमुख मार्ग एवं नालियों की बदहाल स्थिति को लेकर रहवासियों में लंबे समय से रोष व्याप्त था। क्षेत्र में व्याप्त गंदगी, नालियों के अवरुद्ध होने एवं नियमित सफाई न होने से जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। जनसुनवाई एवं मौखिक शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद मूंदी के उपाध्यक्ष श्री राजनारायण मण्डलोई ने रविवार को स्थल पर पहुंचकर स्वयं निरीक्षण किया एवं सफाई कार्य का त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया। ज्ञात हो कि पूर्व परिषद के कार्यकाल में भी इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु क्षेत्र में नाला निर्माण कराया गया था। निरीक्षण के दौरान एक स्थान पर नाली की क्रॉसिंग क्षतिग्रस्त अवस्था में पाई गई, जिस पर उपाध्यक्ष महोदय ने कनिष्ठ यंत्री श्रीमती प्रतिमा बलिया से दूरभाष पर चर्चा कर तत्काल मरम्मत कार्य प्रारंभ करने हेतु निर्देशित किया। इसके साथ ही उपस्थित सफाई अमले को पूरे क्षेत्र में सघन सफाई अभियान चलाने तथा नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष श्री मण्डलोई ने कहा कि —
“पूर्व में भी स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, किन्तु सफाईकर्मियों की लापरवाही के कारण पुनः अस्वच्छता की स्थिति उत्पन्न हुई है। मैं किसी कर्मचारी के वेतन कटौती का पक्षधर नहीं हूं, परंतु यदि लापरवाही निरंतर जारी रही तो संबंधित को सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की जाएगी।”
माता चौक की अवरुद्ध नालियों से जनजीवन प्रभावित, व्यापारियों ने जताई नाराजगी——
निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि श्री धर्मेश राठौर एवं स्थानीय व्यापारियों ने उपाध्यक्ष को अवगत कराया कि माता चौक क्षेत्र की नालियों पर फर्शी डालकर उन्हें पूर्णतः बंद कर दिया गया है, जिससे चाय-नाश्ते की होटलों से निकलने वाला गंदा पानी नालियों में प्रवाहित नहीं हो पा रहा है। परिणामस्वरूप जलभराव और दुर्गंध की विकट स्थिति उत्पन्न हो गई है।
उपाध्यक्ष मण्डलोई ने मौके पर नाली की फर्शी हटवाकर स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया, जहां अत्यधिक सड़ांध के कारण वहाँ खड़ा रहना भी कठिन हो गया। उन्होंने मौके पर ही सफाईकर्मियों को निर्देशित किया कि सभी अवरुद्ध नालियों को अविलंब खोलकर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में नालियों को ढंकने की किसी भी असंगत या अवैध व्यवस्था पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
"स्वच्छ मूंदी" के लिए नागरिक जागरूकता और सहभागिता अनिवार्य – मण्डलोई
निरीक्षण उपरांत उपाध्यक्ष श्री मण्डलोई ने क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए कहा कि—
“स्वच्छता केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हम सभी की साझी जवाबदेही है। नागरिक यदि सजग और सहभागी बनें, तो मूंदी को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाना कठिन नहीं है।"विज्ञापन
विज्ञापन