: जनसुनवाई में सुनी गई समस्याएं, दिए समाधान के निर्देश
Barkat Qureshi / Wed, Jul 23, 2025 / Post views : 238
जनसुनवाई में सुनी गई समस्याएं, दिए समाधान के निर्देश
तीन अधिकारी अनुपस्थित, कलेक्टर ने जारी किए कारण बताओ नोटिस
संवाददाता— इम्तियाज गौरी हरसूद
शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को जिले के शासकीय कार्यालयों में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें नागरिकों की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान के निर्देश दिए जाते हैं। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री के.आर. बडोले, संयुक्त कलेक्टर श्री आर.सी. खतेड़िया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों की प्रमुख शिकायतें और कार्रवाई ग्राम बंदीरैयत के ग्रामीणों ने बताया कि उनके प्राथमिक शाला भवन की स्थिति अत्यंत जर्जर है। बच्चों की शिक्षा पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस पर डॉ. गौड़ा ने जिला शिक्षा अधिकारी को नवीन भवन हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत रोहनाई की निवासी चेतना, जितेंद्र एवं गजानंद ने सरपंच-सचिव द्वारा अमृत सरोवर तालाब निर्माण में अनियमितता की शिकायत की। मामले में प्रभारी कलेक्टर ने जनपद सीईओ को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत खमलाय के लोगों ने सचिव की कार्यालय में अनुपस्थिति की शिकायत की, जिस पर पंचायत सचिव के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
ग्राम रोशनहार (तहसील पंधाना) के ग्रामीणों ने गांव को झिरन्या लिफ्ट सिंचाई योजना में शामिल कर सिंचाई सुविधा देने की मांग की, जिस पर एनवीडीए अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।
अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस
आज की जनसुनवाई में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री संजय शुक्ला, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती रतना शर्मा, एवं उपायुक्त सहकारिता श्री संजय सिंह आर्य अनुपस्थित रहे। इस पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर कार्यालय द्वारा तीनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तत्काल जवाब माँगा गया है।
अपर कलेक्टर श्री के.आर. बडोले ने स्पष्ट किया कि यदि अधिकारियों का उत्तर असंतोषजनक पाया गया, तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।विज्ञापन
विज्ञापन
