: "मिट्टी से सीख, स्वास्थ्य की दिशा — केंद्रीय विद्यालय में 'बैगलेस डे' पर रचनात्मकता और जागरूकता का संगम
Barkat Qureshi / Fri, Aug 1, 2025 / Post views : 226
"मिट्टी से सीख, स्वास्थ्य की दिशा — केंद्रीय विद्यालय में 'बैगलेस डे' पर रचनात्मकता और जागरूकता का संगम"
विशेष संवाददाता लोकेंद्र तिरोले
खंडवा/ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खंडवा में शुक्रवार को 'बैगलेस डे' के अवसर पर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों को मिट्टी से गणेश प्रतिमाएं बनाने की कला सिखाई गई तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रचनात्मकता के साथ-साथ पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
छात्रों ने सीखा मिट्टी से मूर्ति बनाना
कक्षा 6 से 10 तक के लगभग 600 छात्र-छात्राओं ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम खंडवा द्वारा किया गया, जिसमें सहायक आयुक्त श्री सचिन सिटोले ने विद्यार्थियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभाव बताए और रिड्यूस, रीयूज़ और रिसायकल की आदतों को अपनाने हेतु प्रेरित किया।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर
प्रख्यात कलाकार धर्मेंद्र जोहरी ने छात्रों को मिट्टी से प्रतिमा निर्माण का प्रशिक्षण देते हुए बताया कि पीओपी की बजाय प्राकृतिक मिट्टी का उपयोग पर्यावरण के लिए सुरक्षित है। छात्रों ने स्वयं के हाथों से गणेश मूर्तियाँ बनाकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।
मौसमी बीमारियों से बचाव की जानकारी
जिला मलेरिया अधिकारी करण सिंह बोरीया ने बच्चों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचने के उपायों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, रुके हुए पानी से बचाव और मच्छरदानी जैसे उपायों को अपनाकर इन बीमारियों से बचा जा सकता है।
विद्यालय प्रबंधन का मार्गदर्शन
विद्यालय के प्रचार्य डी.आर. पटेल और उप प्रचार्य हरेंद्र प्रसाद ने विद्यार्थियों को पर्यावरण-संरक्षण और स्वास्थ्य-सजगता की दिशा में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में भूवन श्रीमाली समेत नगर निगम के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक मनीष अग्रवाल द्वारा दिया गया।विज्ञापन
विज्ञापन