: राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत हरसूद में ECCE थीम पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन
Barkat Qureshi / Mon, Oct 6, 2025 / Post views : 251
राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत हरसूद में ECCE थीम पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन
विशेष संवाददाता लोकेंद्र तिरोले
हरसूद, 6 अक्टूबर 2025 — महिला एवं बाल विकास विभाग तथा रॉकेट लर्निंग संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आज हरसूद में राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा (ECCE) विषय पर आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रत्ना शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री राहुल राठवे ने उपस्थित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, प्री-स्कूल शिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों को शिक्षा एवं पोषण के महत्व की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के अंतर्गत ECCE प्रशिक्षण का आयोजन भी किया गया, जिससे आंगनवाड़ी केंद्रों की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
ECCE कॉर्नर का निर्माण कर बच्चों के लिए रोचक एवं विकासात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिससे उनका शारीरिक और भावनात्मक विकास हो सके। खेल आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों को सक्रिय रूप से सीखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम की एक अन्य महत्वपूर्ण पहल 'पोषण मटका' रही, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषणयुक्त व्यंजनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घर पर बना पौष्टिक खाना किस प्रकार बच्चों के संपूर्ण विकास में सहायक होता है। इसमें उपस्थित लोगों को संतुलित आहार और उसमें शामिल पोषक तत्वों के बारे में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता विजयलक्ष्मी रायकवार, अनीता कोगे, लता नागौरे, अनीता सोलंकी, सुनीता श्रीवास्तव, स्मिता श्रीवास्तव समेत कई शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल बच्चों में शिक्षा और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था, बल्कि समाज में बाल्यावस्था विकास की महत्ता को उजागर करना भी रहा।विज्ञापन
विज्ञापन