: वार्ड क्रमांक 09 अंतर्गत श्याम कॉलोनी में नागरिक सुविधाओं के अभाव को लेकर निवासियों में असंतोष, पार्षद प्रतिनिधि को सौंपा गया विस्तृत ज्ञापन
Barkat Qureshi / Mon, Jul 14, 2025 / Post views : 318
वार्ड क्रमांक 09 अंतर्गत श्याम कॉलोनी में नागरिक सुविधाओं के अभाव को लेकर निवासियों में असंतोष, पार्षद प्रतिनिधि को सौंपा गया विस्तृत ज्ञापन
संवाददाता – इस्हाक गौरी, मूंदी
खंडवा जिले की नगर परिषद मूंदी के वार्ड क्रमांक 09 अंतर्गत श्याम कॉलोनी के रहवासियों ने सोमवार को वार्ड पार्षद प्रतिनिधि श्री दिनेश मालवीय को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में व्याप्त मूलभूत नागरिक समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। ज्ञापन में नागरिकों ने स्पष्ट किया कि कॉलोनी में विगत अनेक वर्षों से नाली निर्माण, जल निकासी, नियमित सफाई व्यवस्था तथा कासिंग पुलिया जैसे अत्यावश्यक कार्य लंबित हैं। यद्यपि इन समस्याओं की पूर्व में मौखिक रूप से कई बार सूचना दी गई, परंतु कोई प्रभावी स्थायी समाधान अब तक नहीं हुआ है, जिससे आमजन में गहरा रोष व्याप्त है। 🔸 कासिंग पुलिया निर्माण न होने से बाधित है आवागमन रहवासियों के अनुसार, सोलंकी मोबाइल एवं शुभम स्टोर्स के मध्य स्थित प्रमुख नाली पर कासिंग पुलिया का निर्माण न होने से आवागमन पूर्णतः बाधित हो गया है। गंदा पानी निरंतर बहाव में न रहने के कारण स्थायी जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे दुर्गंध, कीचड़ व फिसलन से दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। नागरिकों ने इस स्थान पर तात्कालिक प्रभाव से पुलिया निर्माण कराए जाने की मांग की है। 🔸 जल निकासी अवरुद्ध, स्वास्थ्य संकट गहराया ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सादिक खत्री, सुरेन्द्र राजपूत एवं अन्य नागरिकों के आवासों के समक्ष नाली का पूर्ण अभाव है, जिसके कारण वर्षाजल एवं घरेलू जल का स्थायी जमाव हो गया है। क्षेत्र में तालाब जैसी स्थिति उत्पन्न हो चुकी है जिससे मच्छरजनित रोगों जैसे – डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर, टायफाइड एवं डायरिया जैसी बीमारियों का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। रहवासियों ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने, तथा खाली पड़ी भूमि पर जलभराव की स्थिति के कारण पर्यावरणीय असंतुलन उत्पन्न हो गया है, जो जनस्वास्थ्य हेतु अत्यंत घातक सिद्ध हो रहा है। 🔸 तत्काल कार्यवाही हेतु प्रशासन से आग्रह ज्ञापन प्राप्त करते हुए वार्ड पार्षद प्रतिनिधि श्री दिनेश मालवीय ने आश्वस्त किया कि वह उक्त समस्याओं को गंभीरता से लेकर, नगर पालिका प्रशासन सहित संबंधित विभागों को तत्काल अवगत कराएंगे, एवं शीघ्र निराकरण के लिए प्राथमिकता से कार्यवाही सुनिश्चित करवाई जाएगी।विज्ञापन
विज्ञापन
