: शिवराज नगर की महिलाओं की पुकार पर पहुंचे कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौड़
Barkat Qureshi / Tue, Oct 28, 2025 / Post views : 526
शिवराज नगर की महिलाओं की पुकार पर पहुंचे कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौड़
क्षेत्र की बदहाली देखकर बोले — “शिवराज नगर को खंडवा का सबसे सुंदर नगर बनाना मेरा संकल्प है”
विशेष संवाददाता लोकेंद्र तिरोले
खंडवा।शहर के शिवराज नगर (मल्टी) क्षेत्र की महिलाओं ने क्षेत्र की बिगड़ती स्थिति और नगर निगम की अनदेखी से परेशान होकर सामूहिक रूप से कलेक्ट्रेट में आवाज़ उठाई। महिलाओं की इस पहल के बाद मंगलवार को कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौड़ स्वयं शिवराज नगर पहुंचे और क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का जायज़ा लिया।
राठौड़ ने मल्टी परिसर की तंग गलियों और आस-पास फैली गंदगी देखकर गहरी नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सफाई की लापरवाही नहीं, बल्कि आम जनता के स्वास्थ्य और सम्मान से खिलवाड़ है। उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं और तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया।
महिलाओं ने झाड़ा दुखड़ा — “यहां रहना किसी सज़ा से कम नहीं”
सुनवाई के दौरान महिलाओं ने खुलकर अपनी बातें रखीं। उन्होंने बताया कि शिवराज नगर में कई महीनों से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है।जगह-जगह कचरे के ढेर,खुले सेप्टिक टैंक, और नालियों का जाम होना आम बात हो चुकी है। बरसात के दिनों में तो स्थिति और भी भयावह हो जाती है — गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है।
महिलाओं ने बताया कि कई मल्टी भवनों की दीवारें जर्जर हो चुकी हैं, जिससे किसी दिन बड़ा हादसा भी हो सकता है। वहीं, कई मकान मालिकों ने अपने फ्लैट किराए पर दे दिए हैं जिससे अनैतिक गतिविधियों में इज़ाफ़ा हुआ है और परिवारों के लिए माहौल असुरक्षित बन गया है।
इसके साथ ही क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण, स्वच्छता की कमी,टूटी सड़कों, और स्ट्रीट लाइटों के खराब होने जैसी समस्याएं भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं। कई महिलाओं ने बताया कि अपने मकानों को रहने लायक बनाने के लिए उन्हें हजारों रुपए खर्च करने पड़ते हैं, जबकि यह जिम्मेदारी मूल रूप से नगर निगम की है।
राठौड़ ने दिलाया भरोसा — “अब ये हालात नहीं रहेंगे”
महिलाओं की समस्याएं सुनने के बाद मुल्लू राठौड़ ने कहा कि जनता की यह पीड़ा असहनीय है। उन्होंने कहा कि शिवराज नगर को इस हालत में छोड़ देना प्रशासन की नाकामी है। राठौड़ ने वादा किया कि वे इन सभी मुद्दों को लेकर बुधवार को निगम कमिश्नर से मिलेंगे और समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करेंगे। उन्होंने कहा, “शिवराज नगर की स्थिति देखकर दिल दुखता है। यह क्षेत्र भी शहर का हिस्सा है, लेकिन यहां के हालात देखकर लगता है जैसे विकास की रफ्तार यहां पहुंची ही नहीं। अब बदलाव ज़रूरी है। मैं शिवराज नगर को खंडवा का सबसे सुंदर और स्वच्छ नगर बनाकर दिखाऊंगा।”विज्ञापन
विज्ञापन